हल्द्वानी- 10 करोड़ के फर्जीवाड़े में बड़ी कार्रवाई: धनजंय गिरी मामले में चौकी इंचार्ज निलंबित, SIT करेगी जांच

हल्द्वानी न्यूज़– धनजंय गिरी से जुड़े करोड़ों रुपये के बड़े फर्जीवाड़े के मामले में कुमाऊँ रेंज की आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जांच में लापरवाही बरतने पर भोटिया पड़ाव चौकी इंचार्ज अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई धनजंय गिरी के खिलाफ चल रहे फर्जीवाड़े की जांच में गंभीर शिथिलता पाए जाने के बाद की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धनजंय गिरी के खिलाफ 10 करोड़ रुपये से अधिक के आर्थिक फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी और आर्थिक अनियमितताओं के कई ठोस साक्ष्य मिले हैं। आईजी कुमाऊँ ने इस पूरे प्रकरण को अत्यंत गंभीर मानते हुए निष्पक्ष और तेज़ जांच के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2018 से अब तक धनजंय गिरी के खिलाफ कुल 9 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इन सभी मामलों में वित्तीय अनियमितताओं और ठगी से जुड़े पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता और व्यापकता को देखते हुए एसपी सिटी हल्द्वानी को विशेष जांच टीम (SIT) का प्रमुख नियुक्त किया गया है, ताकि पूरे नेटवर्क और लेन-देन की परत-दर-परत जांच हो सके।
आईजी कुमाऊँ रिद्धिम अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संरक्षण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।
इसके साथ ही आईजी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ धनजंय गिरी द्वारा किसी भी प्रकार का फर्जीवाड़ा, ठगी या धोखाधड़ी की गई है, तो उसकी जानकारी सीधे पुलिस को दें, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके।








