नए साल में उत्तराखंड की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल तय, कई आईएएस के विभाग बदलने की तैयारी

देहरादून न्यूज़- नए साल की शुरुआत के साथ ही प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। शासन स्तर पर कई आईएएस अधिकारियों के विभाग बदले जाने की संभावना है। हाल ही में पदोन्नत होकर सचिव बने सात आईएएस अधिकारियों को जल्द ही नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं, जिससे सचिव स्तर पर व्यापक फेरबदल तय माना जा रहा है।
वर्तमान में सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगौली के पास गृह, पेयजल और कार्मिक जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं। उनका केंद्र सरकार से इंपैनलमेंट का पत्र प्राप्त हो चुका है। ऐसे में यदि वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाते हैं तो इन अहम विभागों के खाली होने की स्थिति बन जाएगी, जिसे भरने के लिए शासन को नए सिरे से विभागीय आवंटन करना होगा।
इधर, हाल ही में आठ अपर सचिवों को सचिव पद पर पदोन्नति दी गई है। इनमें से ईवा आशीष श्रीवास्तव वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर होने के कारण परफॉर्मा पदोन्नति दी गई है। वहीं डॉ. अहमद इकबाल, सोनिका, रंजना राजगुरू, आनंद स्वरूप, देव कृष्ण तिवारी, उमेश नारायण पांडेय और राजेंद्र कुमार एक जनवरी से औपचारिक रूप से सचिव पद पर कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं।
अब इन सभी नए सचिवों को विभागीय जिम्मेदारियां सौंपी जानी हैं। ऐसे में मौजूदा सचिवों के विभागों में भी बदलाव की पूरी संभावना है। सूत्रों के अनुसार, शासन स्तर पर विभागीय संतुलन और कार्यभार के पुनर्वितरण को लेकर मंथन तेज हो गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस संबंध में आदेश जारी किए जा सकते हैं, जिससे प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में नए साल का बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।








