स्वस्थ लालकुआं बनाना मेरी प्राथमिकता, प्रदूषण कतई बर्दाश्त नहीं, कराई जाएगी जांच — सुरेन्द्र सिंह लोटनी

लालकुआं न्यूज़- नगर पंचायत लालकुआं के वार्ड नंबर–4 में निकल रहे दूषित एवं केमिकल युक्त पानी के कारण क्षेत्र में बीमारी का खतरा बढ़ता जा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर वार्ड की सभासद शबनम ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी को पत्र भेजकर दूषित पानी के समुचित निस्तारण की मांग की है।
जानकरी के अनुसार सभासद शबनम ने लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी को भेजे पत्र में अवगत कराया कि नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ से निकलने वाला गंदा एवं केमिकल युक्त पानी नाले के माध्यम से पूरे वार्ड में फैल रहा है। इससे क्षेत्र में दुर्गंध फैलने के साथ-साथ जलजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है और स्थानीय लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष से इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने बताया कि इस वर्ष 28 अगस्त को ही नैनीताल दुग्ध संघ को पत्र भेजकर दूषित पानी की समस्या के समाधान के निर्देश दिए जा चुके थे, लेकिन अब तक समस्या का समाधान न होना चिंता का विषय है। सभासद द्वारा पुनः शिकायत किया जाना यह दर्शाता है कि हालात अभी भी जस के तस बने हुए हैं।
चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने कहा कि वह हमेशा प्रदूषण के खिलाफ रहे हैं और स्वस्थ लालकुआं बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की जांच कराई जाएगी और शासन-प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को शामिल कर जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को दूषित पानी और संभावित बीमारियों से राहत मिल सके।








