नैनीताल में छात्रवृत्ति आवेदनों का भौतिक सत्यापन पूरा, पात्र छात्रों को जल्द मिलेगा लाभ

नैनीताल न्यूज़– राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए किए गए छात्रवृत्ति आवेदनों का भौतिक सत्यापन कार्य नैनीताल जिले में सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर ही पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति की धनराशि का भुगतान किया जाएगा।
यह सत्यापन कार्य जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में संपन्न हुआ। सत्यापन प्रक्रिया के तहत डीएसबी परिसर नैनीताल एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति आवेदन पत्रों की जांच की गई।
डीएसबी परिसर में उपलब्ध कराए गए सभी आवेदन पत्रों के भौतिक सत्यापन के उपरांत इसकी विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय नैनीताल एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी नैनीताल को सौंप दी गई है।
सत्यापन कार्य में एआरओ सुरेंद्र सिंह बिष्ट एवं पूर्ति निरीक्षक गौरव जोशी की सक्रिय भूमिका रही। वहीं डीएसबी परिसर नैनीताल की ओर से डॉ. राजेश्वर ने सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।








