उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 85 सड़कें बंद

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में पिछले छह दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के नौ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के देहरादून केंद्र के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
85 सड़कें बंद, आवाजाही प्रभावित
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में सड़कें बंद होने का सिलसिला भी जारी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) देहरादून के अनुसार प्रदेश में कुल 85 सड़कें बंद हैं। इनमें एक एनएच (बीआरओ), तीन स्टेट हाईवे, आठ पीडब्ल्यूडी और 73 पीएमजीएसवाई/आरडब्ल्यूडी की सड़कें शामिल हैं। सड़कों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से लगातार काम किया जा रहा है।
आपदाओं में अब तक 43 लोगों की मौत
प्रदेश में बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से अब तक 43 लोगों की मौत दर्ज की गई है, जबकि 46 लोग घायल हुए हैं। वहीं, एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। प्रशासन और राहत-बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद
अत्यधिक बारिश के चलते देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास पूर्व निर्मित दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अग्रिम आदेशों तक प्रतिबंधित कर दी है। यात्रियों से मार्ग पर सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
23 अगस्त: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ इलाकों में तेज बारिश के दौर आने की संभावना है।
24 अगस्त: मानसून सक्रिय रहेगा। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर की संभावना बनी रहेगी।
25 अगस्त: प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।








