हल्द्वानी में हकीम से गर्दन की मालिश कराने पहुंची महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, पति ने लगाए गंभीर आरोप

हल्द्वानी न्यूज़- हल्द्वानी में गर्दन के दर्द का इलाज कराने हकीम के पास पहुंची 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि हकीम ने पहले उसकी गर्दन की मालिश की और फिर उसे जोर से हिलाया, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

चार-पांच महीने से गर्दन में था दर्द
मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और एक निजी संस्थान में नौकरी करते हैं। रामचंद्र के मुताबिक, उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में पिछले चार से पांच महीने से दर्द की शिकायत थी। उसका सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा था। कई जगह डॉक्टरों को दिखाने के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार भी हुआ था।
लोगों की सलाह पर हकीम के पास पहुंचे थे
रामचंद्र ने बताया कि शनिवार को कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें कालाढूंगी रोड स्थित एक हकीम के पास पत्नी का इलाज कराने की सलाह दी। इसके बाद वह मीनाक्षी को लेकर हकीम के पास पहुंचे। पति का आरोप है कि हकीम ने पहले उनकी पत्नी की गर्दन पर तेल लगाकर मालिश की।
मालिश के बाद अचानक बिगड़ी हालत
रामचंद्र के आरोप के अनुसार, मालिश करने के बाद हकीम ने अचानक मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके तुरंत बाद उसकी गर्दन एक तरफ लटक गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। पति का कहना है कि उन्होंने हकीम से पत्नी को देखने के लिए कहा, लेकिन उसे ऑटो से अस्पताल ले जाने की बात कही गई।
इसके बाद परिजन मीनाक्षी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की अचानक हुई मौत से परिजन सदमे में हैं।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मीनाक्षी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। पति रामचंद्र ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए हकीम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल महिला की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।








