हल्द्वानी में ठेकेदार की संदिग्ध मौत से सनसनी, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
शरीर पर चोट के निशान और टूटी खिड़की की जाली ने बढ़ाया शक, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय राजेश मौर्य के रूप में हुई है, जो पुताई का ठेकेदार था। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना बिठौरिया नंबर-2 क्षेत्र की है। मूल रूप से बरेली के नवाबगंज निवासी राजेश मौर्य लंबे समय से हल्द्वानी में रहकर पुताई का ठेका लेकर काम करता था। वह किराए के कमरे में अकेले रहता था, जबकि उसका बड़ा भाई धर्मेंद्र कुछ दूरी पर दूसरे मकान में रहता है।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार सुबह धर्मेंद्र अपने छोटे भाई राजेश से मिलने उसके कमरे पर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर जब अंदर देखा गया तो राजेश का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक के भाई धर्मेंद्र ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि कमरे की खिड़की की जाली टूटी हुई थी और राजेश के शरीर, खासकर पैरों पर चोट के निशान भी थे। उनका कहना है कि घटनास्थल की स्थिति देखकर यह मामला आत्महत्या का नहीं लग रहा है। आरोप है कि पहले राजेश के साथ मारपीट की गई और बाद में शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कात्याल ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।








