खुद पर हमला कराने का चौंकाने वाला खुलासा, पार्षद सौरभ बेहड़ ने दोस्तों से करवाया था हमला
पिता विधायक तिलक राज बेहड़ ने बेटे से तोड़े संबंध, बोले– “शर्मिंदगी से सिर झुक गया”

किच्छा न्यूज़- कांग्रेस के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलक राज बेहड़ के बेटे एवं नगर निगम पार्षद सौरभ बेहड़ पर हुए हमले को लेकर पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सौरभ बेहड़ ने खुद ही अपने ऊपर हमला करवाया था। इस साजिश के पीछे उद्देश्य परिवार और समाज की सहानुभूति प्राप्त करना बताया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है।
घर से कुछ दूरी पर हुआ था हमला
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रविवार शाम पार्षद सौरभ बेहड़ पंचायत में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की। हमले में सौरभ बेहड़ गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आठ टीमों का गठन कर जांच शुरू की।
पुलिस ने पीछा कर पकड़े आरोपी
बुधवार रात पुलिस टीम गश्त के दौरान सिडकुल रोड पर बिना नंबर प्लेट बाइक सवार युवकों पर शक हुआ। पीछा करने पर तीन युवकों को पकड़ लिया गया।पूछताछ में उनकी पहचान वंश कुमार, बादशाह और दीपक सिंह के रूप में हुई।
तलाशी में—
- वंश कुमार के पास से 312 बोर तमंचा और कारतूस
- बादशाह के पास से 315 बोर तमंचा
- दीपक सिंह के पास से चाकू
बरामद किया गया।
पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सौरभ बेहड़ पर हमला किया था।
1500 रुपये में करवाया गया था हमला
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने खुलासा किया कि सौरभ बेहड़ के करीबी इंदर नारंग ने उन्हें हमला करने के लिए 1500 रुपये दिए थे।
इसके बाद पुलिस ने इंदर नारंग को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है।
पिता विधायक तिलक राज बेहड़ का भावुक बयान
मामले के खुलासे के बाद विधायक तिलक राज बेहड़ भावुक हो गए। उन्होंने कहा—
“मेरे बेटे की इस हरकत से मेरा सिर शर्म से झुक गया है। आज से मेरा उससे कोई रिश्ता नहीं है।”
उन्होंने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
समाज और पार्टी से मांगी माफी
विधायक ने कहा कि इस घटना से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने समाज, पार्टी, शुभचिंतकों और जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते परिवार को जानकारी दी जाती, तो शायद यह स्थिति पैदा नहीं होती।
पुलिस की कार्रवाई की सराहना
तिलक राज बेहड़ ने पुलिस की जांच की सराहना करते हुए कहा कि सच्चाई सामने लाने में पुलिस ने सराहनीय काम किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटे को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए और इस मामले में उनका कोई संबंध नहीं है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और यदि कोई अन्य व्यक्ति इसमें शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।








