उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

नए साल पर हुड़दंगियों पर सख्त कार्यवाही, उत्तराखंड में अपराध पर जीरो टॉलरेंस: सीएम धामी

देहरादून न्यूज़– नववर्ष के जश्न के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आपराधिक गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने नववर्ष के अवसर पर यातायात प्रबंधन, पर्यटकों की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मंगलवार से लेकर 5 जनवरी 2026 तक प्रदेशभर में यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस रखा जाए, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों और आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिरा यूटिलिटी वाहन, दो की मौत, तीन लोग घायल

 

मुख्यमंत्री ने पुलिस को नियमित रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं क्षेत्रों में जाकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख पर्यटक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और अधिक आवागमन वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। सभी जनपदों में पार्किंग, मूलभूत सुविधाएं और सड़क सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था की जाए।

 

उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखने तथा शराब की दुकानों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि चेकिंग के दौरान आम जनता और पर्यटकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  एलबीएस हल्दूचौड़ के 27 मेधावियों को 4.14 लाख रुपए छात्रवृत्ति आवंटित

 

अतिक्रमण पर भी सख्ती
शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि देहरादून सहित अन्य शहरों में सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। इसके लिए जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन विभाग और विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में होटल और रिसॉर्ट्स में अग्नि सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश भी दिए।

 

शीतकालीन यात्रा को लेकर विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री ने शीतकालीन यात्रा के दृष्टिगत व्यवस्थाओं को सुचारू रखने, पर्यटकों के लिए सूचना केंद्रों की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और अलाव की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक संगठनों और आम जनता की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ युवक-युवती को प्री वेडिंग शूट करना पड़ा भारी, डूबने से बेहोश हुआ युवक, एसडीआरएफ ने ऐसे बचाया दोनों को

 

 

बैठक में अनुश्रवण विकास परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।