मोटाहल्दू में 12 वर्षीय बालिका की संदिग्ध मौत, पेट दर्द के बाद तोड़ा दम

लालकुआं न्यूज़- बदलते मौसम के बीच क्षेत्र में संक्रामक और पेट संबंधी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याओं से अस्पतालों और क्लीनिकों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी बीच लालकुआं क्षेत्र के मोटाहल्दू से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां पेट दर्द से पीड़ित 12 वर्षीय बालिका की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मोटाहल्दू के गांव जयपुर खीमा निवासी मुन्नी कबडवाल पत्नी नंद किशोर कबडवाल के यहां बहेड़ी निवासी रामपाल बतौर बटाईदार कार्य करता है। बताया जा रहा है कि रामपाल की 12 वर्षीय पुत्री पायल को गुरुवार शाम अचानक तेज पेट दर्द की शिकायत हुई। बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल मोटाहल्दू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात पायल ने दम तोड़ दिया।
अचानक हुई मासूम बच्ची की मौत से परिवार सदमे में है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
हल्दुचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल ने बताया कि बच्ची को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।








