हल्द्वानी होटल में युवक की संदिग्ध मौत, तलाक के बाद दूसरी शादी की तैयारी कर रहा था युवक

हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र स्थित होटल नंदी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव होटल के कमरे के बाथरूम में नग्न अवस्था में बरामद हुआ। घटना के बाद पुलिस ने कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है।
सुबह होटल पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी लाल साहब पटेल (30) शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे होटल नंदी पहुंचे थे। उन्होंने होटल में कमरा लिया था। होटल कर्मचारियों के मुताबिक उस समय युवक सामान्य हालत में दिखाई दे रहा था और बातचीत भी ठीक से कर रहा था।
रात को कमरे से आईं चीखें
होटल स्टाफ के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे युवक के कमरे से अचानक जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इससे होटल कर्मियों को अनहोनी की आशंका हुई।
मास्टर की से खोला गया कमरा
जब काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला तो होटल कर्मचारियों ने मास्टर की की मदद से कमरे का दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। युवक बाथरूम के फर्श पर निर्वस्त्र हालत में मृत पड़ा था। कमरे और बाथरूम में चारों ओर उल्टी फैली हुई थी।
इसके बाद होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और कमरे को सील कर दिया।
शादी के एक साल बाद हुआ था तलाक
परिजनों के मुताबिक लाल साहब पटेल की शादी वर्ष 2020 में हुई थी, लेकिन शादी के करीब एक साल बाद ही उनका तलाक हो गया था। उनका एक बच्चा भी है। वह पहले गुजरात के सूरत में टेलरिंग का काम करते थे, जबकि पिछले कुछ समय से दिल्ली में रहकर टेलर का काम कर रहे थे।
प्रेम प्रसंग की भी चर्चा
मृतक के जीजा सुरेंद्र पटेल ने बताया कि लाल साहब दिल्ली की एक युवती के संपर्क में थे और उससे शादी करना चाहते थे। परिवार ने भी इस रिश्ते के लिए सहमति दे दी थी।
हालांकि, परिवार इस बात से अनजान है कि दिल्ली में काम करने वाला लाल साहब अचानक हल्द्वानी क्यों पहुंचा था। वह यहां किससे मिलने आया था या किसी ने उसे बुलाया था, यह अभी तक रहस्य बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। होटल के सीसीटीवी फुटेज और मृतक की कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाली जा रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक हल्द्वानी किस उद्देश्य से आया था और घटना के पीछे क्या वजह रही।








