लालकुआं रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, प्लेटफार्म पर गिरकर हुए बेहोश

लालकुआं न्यूज- लालकुआं रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मुरादाबाद से आई पैसेंजर ट्रेन से उतरते ही एक बुजुर्ग व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बुजुर्ग प्लेटफार्म नंबर दो पर उतरने के बाद बेंच पर बैठे और कुछ ही पलों में गश खाकर मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े। घटना से प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद यात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना जीआरपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और बेहोश बुजुर्ग को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं पहुंचाया। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेमलता शर्मा ने सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की उम्र लगभग 60 से 65 वर्ष के बीच आंकी जा रही है, हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पहचान न होने के चलते जीआरपी पुलिस ने मेमो भेजकर सिविल पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद लालकुआं कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, पुलिस कर्मी और चिकित्सा स्टाफ भी अस्पताल व स्टेशन परिसर में मौजूद रहे। पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जीआरपी चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल ने बताया कि बुजुर्ग व्यक्ति ट्रेन से उतरने के बाद अचानक प्लेटफार्म पर गिर पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले की सूचना लालकुआं कोतवाली पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई के साथ मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी है।








