उत्तराखंड: हत्या के बाद भाग रहे थे तीन बदमाश, पुलिस ने घेरा तो शुरू कर दी फायरिंग; एक को लगी गोली

रुड़की न्यूज- ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार देर रात नगला इमरती के पास पुलिस और हत्या के संदिग्ध आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल आरोपी की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमन की हत्या के बाद आरोपियों की तलाश में कई पुलिस टीमों को लगाया गया था। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही थी।
सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि अमन हत्याकांड में शामिल संदिग्ध आरोपी बाइक से नगला इमरती की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली सौरभ के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर गया। वहीं उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पूछताछ में हत्या में शामिल होने की बात
पुलिस के अनुसार, घायल सौरभ ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि शुक्रवार रात अमन की हत्या तीनों आरोपियों ने मिलकर की थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
मौके से पुलिस ने बाइक समेत कुछ अन्य सामान भी बरामद किया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अमन हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस घायल आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।








