उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां का निधन, 91 साल की उम्र में पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस

देहरादून न्यूज- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने उनके निधन की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी का निधन शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पैतृक आवास पर हुआ।
सावित्री देवी के निधन की खबर सामने आते ही उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से शोक व्यक्त किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।










