उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर: 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 3 जिलों में स्कूल बंद, चारधाम यात्रा दूसरे दिन भी स्थगित

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को राज्य के आठ जिलों—देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और टिहरी—के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर आने की संभावना जताई गई है।
राज्य के शेष जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। खराब मौसम को देखते हुए चंपावत, बागेश्वर और टिहरी जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक प्रदेश में मौसम के खराब बने रहने की संभावना व्यक्त की है।
लगातार तीसरे दिन हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर चारधाम यात्रा दूसरे दिन भी स्थगित रखी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
राज्य आपदा परिचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार प्रदेश में 6 राष्ट्रीय राजमार्ग, 19 राज्य राजमार्ग सहित कुल 158 सड़कें बंद हैं। देहरादून के नंदा की चौकी क्षेत्र में हाल ही में बने पुल का एप्रोच मार्ग धंसने से यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं रुद्रप्रयाग में चारधाम यात्रा मार्ग की सुरंग के ऊपर पहाड़ी दरकने से भूस्खलन होने के कारण आवाजाही बाधित है।
लगातार बारिश के चलते अलकनंदा, मंदाकिनी सहित कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। SDRF, जिला प्रशासन और अन्य राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
30 जुलाई: बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा समेत अन्य पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।
31 जुलाई: पौड़ी, देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा सभी पर्वतीय जिलों में गरज-चमक और तेज से अत्यंत तीव्र बारिश के दौर आने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।








