मसूरी में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 2 महिलाओं समेत 4 पर्यटकों की मौत

उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। झड़ीपानी रोड पर दिल्ली नंबर की एक मारुति सिलेरियो कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं समेत चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं, जो घूमने के लिए उत्तराखंड आए थे।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम से थाना मसूरी को सूचना मिली कि बार्लोगंज चौकी क्षेत्र के अंतर्गत झड़ीपानी रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई बेहद गहरी और दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतरकर कार में सवार सभी चार लोगों के शव बाहर निकाले।
दुकान से सामान लेने के बाद हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कार सवारों ने हादसे से कुछ समय पहले पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया था कि वे उत्तरकाशी से मसूरी की ओर आ रहे थे। सामान खरीदने के बाद जैसे ही वे कार में बैठे, तीव्र ढलान पर वाहन अचानक तेजी से आगे बढ़ने लगा। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे खाली प्लॉट को पार करते हुए सीधे करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर माना जा रहा है कि तीव्र ढलान पर कार के ब्रेक फेल हो जाने से यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान इस प्रकार की है—
- सत्यप्रकाश, निवासी सोनीपत, हरियाणा
- मनीत (19 वर्ष)
- सविता (48 वर्ष), पत्नी धर्मवीर, निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद
- संगीता (46 वर्ष), पत्नी टीटू, निवासी करोलबाग, दिल्ली
पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।








