पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, पिकअप की टक्कर से 25 वर्षीय युवक की मौत

पौड़ी न्यूज़- पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर बैंग्वाड़ी गांव के समीप गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां पिकअप वाहन और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना आपातकालीन सेवा को दी।
सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अनुपम नेगी (25 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय अर्जुन सिंह नेगी के रूप में हुई है। बताया गया कि अनुपम वर्तमान में सर्किट हाउस पौड़ी में रह रहे थे, जबकि वह मूल रूप से ग्राम बैंग्वाड़ी के निवासी थे।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, युवक की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिला अस्पताल पौड़ी के पीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल ने युवक की मौत की पुष्टि की है। हादसे के कारणों को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।










