देहरादून में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर: घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति और मेड की पेचकस से हत्या, चेन लूटने का विरोध करने पर किया हमला

देहरादून न्यूज़- रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक घर में घुसे आरोपी ने बुजुर्ग दंपति और उनकी मेड पर पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को पड़ोसियों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतकों की पहचान रमेश कपूर (85), रजनी कपूर (76) और उनकी मेड शीला (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी लूट के इरादे से घर में घुसा था।
दोपहर करीब 3 बजे घर में दाखिल हुआ आरोपी
घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी स्थित मकान नंबर 16 में हुई। बताया जा रहा है कि उस समय घर में बुजुर्ग दंपति रमेश कपूर और रजनी कपूर के साथ उनकी मेड शीला मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुस गया।
चेन छीनी, विरोध करने पर बुजुर्ग महिला पर पेचकस से हमला
आरोप है कि आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उन पर पेचकस से कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मेड शीला ने जब बुजुर्ग महिला पर हमला होते देखा तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने मेड पर भी पेचकस से कई वार किए। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
पड़ोसी ने मेड पर हमला करते देखा
पड़ोस में रहने वाली भारती भंडारी के मुताबिक, करीब 3 बजे वह अपने घर में थीं। इसी दौरान उन्हें कपूर दंपति के घर से शोर सुनाई दिया। वह बाहर आईं तो उन्होंने देखा कि एक युवक घर में काम करने वाली मेड पर पेचकस से हमला कर रहा था।
भारती ने शोर मचाया तो आरोपी उनकी तरफ भी दौड़ा। इसके बाद आसपास के लोग कपूर निवास की ओर दौड़ पड़े।
पेचकस दिखाकर भागने लगा आरोपी, पड़ोसियों ने दबोचा
पड़ोसियों के मौके पर पहुंचते ही आरोपी वहां से भागने लगा। बताया जा रहा है कि उसने लोगों को पेचकस दिखाकर डराने की कोशिश की और मौके से फरार होने का प्रयास किया। इसी दौरान बाहर बैठे एक व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी के पकड़े जाने के बाद कुछ लोगों ने उसकी पिटाई की और फिर पुलिस को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
एंबुलेंस का इंतजार, पड़ोसी अपने वाहनों से अस्पताल ले गए
हमले के बाद तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई। एक महिला के मुताबिक, करीब 10 मिनट तक इंतजार करने के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसियों ने अपने वाहनों से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह, लूट की घटना तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।










