उत्तराखंड में मौसम के दो रंग: मैदानों में 44°C की झुलसाने वाली गर्मी, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट
5 पहाड़ी जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी, उत्तरकाशी में आंधी-तूफान से मकान क्षतिग्रस्त; मैदानी इलाकों में हीटवेव जैसे हालात

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। जहां एक ओर मैदानी जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से मौसम सुहावना बना हुआ है। राज्य के 11 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि मौसम विभाग ने आज पांच पहाड़ी जिलों में बारिश और गर्जन का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं।
इधर उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। नौगांव विकासखंड के नरयूका मुगरसन्ति गांव के ‘ठीकरा’ तोक में पूर्व प्रधान स्वर्गीय जयपाल सिंह चौहान के बेटों केदार सिंह और विजयपाल सिंह का दो मंजिला मकान तूफान की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। तेज हवाओं के कारण मकान का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ।
मैदानों में तपिश का कहर
राज्य के मैदानी इलाकों में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों, ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार जिले के 11 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
काशीपुर, बाजपुर, किच्छा, रुद्रपुर और पंतनगर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं खटीमा, सितारगंज, रामनगर, हरिद्वार और रुड़की में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हल्द्वानी में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और गर्मी में और बढ़ोतरी हो सकती है।
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी से राहत
शुक्रवार को प्रदेश के सात जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और टिहरी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
वहीं पिथौरागढ़ और चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हुई। बद्रीनाथ धाम की चोटियों पर ताजा हिमपात देखने को मिला, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम खुशनुमा हो गया।
अगले तीन दिन का मौसम अपडेट
24 मई:
देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की संभावना है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
25 मई:
इन सात जिलों में फिर हल्की बारिश और गर्जन के आसार हैं, जबकि अन्य जनपदों में मौसम साफ बना रहेगा।
26 मई:
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। शेष जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।








