उत्तराखंड में मौसम का येलो अलर्ट: बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
विशेष रूप से नैनीताल, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में मौसम को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ रही है और आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील की है।
वहीं बारिश की संभावना के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।








