ऊधम सिंह नगर: सांड से टकराई बाइक, वन विभाग के संविदाकर्मी की मौत; साथियों पर घायल छोड़कर भागने का आरोप

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में आवारा पशु एक बार फिर जानलेवा साबित हुए। बाजपुर क्षेत्र में सड़क पर अचानक आए सांड से बाइक टकराने पर वन विभाग के एक संविदाकर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने हादसे को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, आरोप है कि दुर्घटना के बाद उसके दोनों साथी घायल अवस्था में उसे सड़क पर छोड़कर मौके से चले गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:30 बजे बाजपुर के मड़ैया हट्टू स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास यह हादसा हुआ। वन विभाग की बरहैनी रेंज में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत 22 वर्षीय भारत सिंह, निवासी ग्राम भीकमपुरी बन्नाखेड़ा, अपने दो साथियों के साथ ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक सांड आ गया और बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भारत सिंह के दोनों साथी मौके से चले गए, जबकि वह गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा रहा। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने निजी वाहन से उसे उप जिला चिकित्सालय बाजपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताया संदेह, जांच की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, मृतक के चचेरे भाई ध्यान सिंह ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिवार का इकलौता सहारा था भारत
भारत सिंह वर्ष 2023 से वन विभाग की बरहैनी रेंज में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। करीब आठ वर्ष पहले बीमारी के चलते उसके पिता जगत सिंह का निधन हो गया था। भारत परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी मां सीता देवी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों और वन विभाग के कर्मचारियों में भी शोक की लहर है।
तीन दिन में आवारा पशु से दूसरा बड़ा हादसा
गौरतलब है कि इससे पहले 13 जुलाई को पंतनगर थाना क्षेत्र के टांडा जंगल में भी सड़क पर अचानक आई भैंस के कारण भीषण सड़क हादसा हुआ था। भैंस से टकराने के बाद एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से भिड़ गई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
अब तीन दिन के भीतर बाजपुर में सांड से टकराकर वन विभाग के संविदाकर्मी की मौत ने जिले में आवारा पशुओं के बढ़ते खतरे को फिर उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने तथा प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।








