उत्तराखंड- यहां हुआ भीषण सड़क हादसा, शिक्षक समेत दो की मौत, 3 गंभीर

ऊधम सिंह नगर जिले में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चंपावत के एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों कारों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हादसा नानकमत्ता-दहला रोड हाईवे पर देर रात हुआ। पुलिस के मुताबिक एक फॉर्च्यूनर कार (UK06-AE-5310) खटीमा की ओर से आ रही थी, जबकि दूसरी रेनॉल्ट क्विड कार हल्द्वानी से चंपावत की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे की सूचना राहगीरों ने 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नानकमत्ता पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज भेजा गया।
शिक्षक संजय पांडे की मौके पर मौत
रेनॉल्ट क्विड कार में दो लोग सवार थे। मृतकों में चंपावत जिले के माडली निवासी संजय पांडे (41) शामिल हैं, जो राजकीय इंटर कॉलेज बालातरी में शिक्षक के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि संजय पांडे अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने के लिए हल्द्वानी गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।
हादसे में घायल चंद्रप्रकाश जोशी (35) का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार नई खरीदी गई कार में अभी नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।
संजय पांडे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों, माता-पिता और दादी को छोड़ गए हैं। वह शिक्षा के साथ-साथ भजन गायकी के लिए भी क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
इलाज के दौरान दीपांश सिंघल ने तोड़ा दम
दूसरी ओर फॉर्च्यूनर कार में तीन युवक सवार थे, जो किच्छा जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल दीपांश सिंघल (24), निवासी आवास विकास कॉलोनी किच्छा, की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
दीपांश किच्छा के प्रसिद्ध कारोबारी और भगवती हार्डवेयर के मालिक पवन सिंघल के बेटे थे। सिंघल परिवार का क्षेत्र में करोड़ों रुपये का कारोबार बताया जा रहा है। हादसे में घायल मनप्रीत सिंह (27) समेत अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा मोर्चरी भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।








