उत्तराखंड- यहाँ सीएनजी ट्रकों की भीषण टक्कर, गैस रिसाव से टला बड़ा हादसा; 200 मीटर पहले रोका गया यातायात

लक्सर-पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाली पुलिया के पास सोमवार को सीएनजी से भरे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आग या विस्फोट का गंभीर खतरा पैदा हो गया। हालांकि पुलिस और राहत टीमों की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
200 मीटर पहले रोका गया यातायात
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन घटनास्थल से करीब 200 मीटर पहले ही दोनों ओर से यातायात पूरी तरह बंद करा दिया। गैस रिसाव की स्थिति में किसी भी तरह की चिंगारी या वाहन की आवाजाही से बड़ा विस्फोट हो सकता था, इसलिए गोवर्धनपुर और खानपुर की ओर से आने वाले सभी वाहनों को रोक दिया गया।
तुगलपुर सीएनजी प्लांट से जुड़े थे ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों ट्रक तुगलपुर स्थित सीएनजी प्लांट से जुड़े बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
फायर ब्रिगेड और विशेषज्ञों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, आपदा नियंत्रण टीम और सीएनजी विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों की निगरानी में गैस रिसाव को नियंत्रित किया गया। घायल ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। समय रहते रिसाव पर काबू पा लेने से संभावित विस्फोट को टाल दिया गया।
क्रेन से हटाए गए क्षतिग्रस्त ट्रक
क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कराया गया। पूरे ऑपरेशन के दौरान क्षेत्राधिकारी लक्सर, प्रभारी निरीक्षक खानपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, गोवर्धनपुर चौकी इंचार्ज, पुलिस बल और एफएसओ लक्सर अपनी टीम के साथ मौके पर डटे रहे। वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखा गया।
स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही यातायात को दोबारा शुरू किया गया। संयुक्त कार्रवाई और सतर्कता के चलते एक संभावित बड़ा विस्फोट टल गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में राहत की सांस ली।








