उत्तराखंड- यहां हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरा वाहन, एक की मौत, चार घायल

गोपेश्वर न्यूज़- नारायणबगढ़ के लेगुना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए लगभग 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अवगत कराया गया।
एसडीएम थराली के निर्देश पर तहसील थराली से डीडीआरएफ (DDRF) की टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने 108 एम्बुलेंस को मौके पर भेजकर घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे घटनास्थल के पास भीड़ न लगाएं, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न उत्पन्न हो। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।








