उत्तराखंड- यहाँ साइबर ठगी पर दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच युवक हिरासत में लेकर दिल्ली रवाना

दिनेशपुर में साइबर ठगी से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग गांवों में दबिश देकर पांच युवकों को हिरासत में लिया। आरोप है कि साइबर ठगी से जुड़े पैसों का लेनदेन इन युवकों के बैंक खातों के माध्यम से किया गया था। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली थाना पुलिस की टीम एसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में दिनेशपुर थाने पहुंची और आमद दर्ज कराने के बाद कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले पुलिस टीम ने सुंदरपुर गांव में दबिश देकर समीर बछाड़ पुत्र सुखलाल बछाड़ को हिरासत में लिया।
इसके बाद टीम विजयनगर गांव पहुंची, जहां से राज बछाड़ पुत्र रामप्रसाद को हिरासत में लिया गया। वहीं मोहनपुर निवासी रोहित मिस्त्री पुत्र सुरंजन मिस्त्री, हरीश सरकार पुत्र पूनम सरकार और वार्ड नंबर 9 निवासी रोहित राय पुत्र विप्लव राय को भी हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार सभी युवकों पर आरोप है कि उन्होंने साइबर ठगों के लिए “म्यूल अकाउंट” के रूप में अपने बैंक खाते इस्तेमाल करने दिए। इन खातों में साइबर ठगी से जुड़ी रकम जमा कराई जाती थी, जिसे बाद में दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। बदले में खाताधारकों को कमीशन दिया जाता था।
पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस सभी आरोपियों को अपने साथ दिल्ली ले गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्र में तेजी से फैल रहा म्यूल अकाउंट का जाल
दिनेशपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर ठगों का नेटवर्क तेजी से फैलता जा रहा है। जल्द पैसा कमाने की चाह में कई युवक अपने बैंक खाते किराए पर दे रहे हैं, जिससे वे अनजाने में साइबर अपराध का हिस्सा बनते जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक कई घरेलू महिलाएं भी ठगों के झांसे में आकर अपने खाते इस्तेमाल करने दे रही हैं। इन खातों में ठगी की बड़ी रकम जमा होती है, जिसे बाद में मास्टरमाइंड दूसरे खातों में ट्रांसफर कर देते हैं, जबकि खाताधारकों को कमीशन दे दिया जाता है।
लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जिले के पुलिस कप्तान ने ऐसे म्यूल अकाउंट्स पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं और लोगों से किसी भी लालच में आकर अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को न देने की अपील की है।








