हल्द्वानी- नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, कटघरिया का त्रिशूल होटल सील

हल्द्वानी न्यूज- मुखानी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले से जुड़े कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल को प्रशासन की संयुक्त टीम ने सील कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण की टीम ने होटल पहुंचकर यह कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एबीवीपी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत चार युवकों पर इसी होटल में वारदात को अंजाम देने का आरोप है। मामले में पुलिस चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
घटना के बाद प्रशासन ने होटल के संचालन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। जांच के दौरान होटल बिना अनुमति के संचालित होता पाया गया। इसके बाद नियमों के उल्लंघन को देखते हुए प्रशासन ने होटल को सील करने की कार्रवाई की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे। नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले के बाद होटल पर हुई कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।










