उत्तराखंड- यहाँ STF और सितारगंज पुलिस की बड़ी कार्यवाही,₹25 हजार का इनामी लुटेरा मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्ता

देवभूमि उत्तराखंड को अपराधमुक्त बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और सितारगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास और लूट के मामले में फरार ₹25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन से देर रात दबोचा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चेतन सिंह बिष्ट (34 वर्ष) पुत्र नर सिंह बिष्ट निवासी चांदनी चौक घुड़दौड़ा, कालीनगर, हल्द्वानी (जनपद नैनीताल) के रूप में हुई है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अपनी पहचान छुपाकर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, फरवरी 2025 में सितारगंज क्षेत्र में चेतन सिंह बिष्ट ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक परचून की दुकान में लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों ने दुकान के गल्ले से नकदी और तीन मोबाइल फोन लूट लिए थे। विरोध करने पर दुकानदार पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया और मौके से फरार हो गए थे।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि चेतन सिंह बिष्ट लगातार फरार था। उसके खिलाफ जनपद नैनीताल में भी चोरी और लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत STF की कुमाऊं टीम और सितारगंज कोतवाली पुलिस ने तकनीकी इनपुट और सटीक सूचना के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी किसी अन्य जगह भागने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस टीम में शामिल:
STF टीम के निरीक्षक विकास चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल, हेड कांस्टेबल महेंद्र गिरी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और टेक्निकल हैंड किशन चंद्र शर्मा शामिल रहे।
वहीं सितारगंज कोतवाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेंद्र मुनियाल और कांस्टेबल विनोद जोशी ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य घटनाओं का खुलासा करने में जुटी है।








