उत्तराखंड- (ब्रेकिंग न्यूज़) यहाँ 12 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत, कमरे में पंखे से लटका मिला शव

पिथौरागढ़ न्यूज़– उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक दर्दनाक और संदिग्ध मामला सामने आया है, जहां 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चे का शव घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान क्रिस मेहता (12 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बड़ालू का निवासी था और अपनी बुआ के घर रहकर छठी कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेला था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे ने पंखे तक पहुंचने के लिए पहले टेबल रखा, फिर उसके ऊपर कुर्सी चढ़ाई और उसके बाद फंदा लगाकर पंखे से लटक गया। जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है, वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।








