उत्तराखंड- यहाँ जंगल गए बुजुर्ग को बाघ ने बनाया शिकार, गांव में दहशत का माहौल

सल्ट (अल्मोड़ा)- कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे मोहान रेंज के तड़म गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बाघ ने एक बुजुर्ग ग्रामीण को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तड़म गांव निवासी 60 वर्षीय खीम सिंह रावत रोज की तरह सुबह करीब 7 बजे जंगल में लकड़ी और घास लेने के लिए निकले थे। वह आमतौर पर सुबह 10 बजे तक घर लौट आते थे, लेकिन मंगलवार को देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद गांव वालों ने सामूहिक रूप से खोजबीन शुरू की। चूंकि यह क्षेत्र बाघ प्रभावित माना जाता है, इसलिए ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका सताने लगी।
खोज के दौरान दोपहर में ग्रामीणों को जंगल के भीतर पैदल मार्ग पर खून के निशान और घसीटे जाने के संकेत मिले। उन्हीं निशानों का पीछा करते हुए आगे बढ़ने पर करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों के बीच बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि बाघ ने सिर और दोनों पैरों को छोड़कर शरीर के बाकी हिस्से को नोचकर खा लिया था।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। वन क्षेत्राधिकारी गंगा शरण टीम के साथ मौके के लिए रवाना हो गए, जबकि डीएफओ दीपक सिंह भी घटनास्थल पहुंच रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही लोगों से अकेले जंगल न जाने की अपील की गई है।
इस घटना के बाद तड़म गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ के मूवमेंट पर नजर रखने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।








