उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,मौसममौसम

उत्तराखंड मौसम अपडेट: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के ज्यादातर पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश, गर्जना और तेज हवाओं की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात भी हो सकता है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र ने पहाड़ी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। हालांकि मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

 

मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार बदलते मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। वहीं शुक्रवार को हुई बारिश के बाद कई पहाड़ी क्षेत्रों में घना कोहरा और धुंध देखने को मिली।
शुक्रवार को पूरे प्रदेश में हुई बारिश, कई जगह गिरे ओले

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- यहाँ स्कूल के बाद लापता हुए 4 बच्चे, नैनीताल पुलिस ने 12 घंटे में सकुशल बरामद किया

 

शुक्रवार को राज्य के सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई। पिथौरागढ़ में लगातार दूसरे दिन बर्फबारी हुई, जबकि व्यास घाटी में भारी हिमपात देखने को मिला।
गंगोलीहाट क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ। टिम्टा-बुंगली मार्ग पर मलबा आने से सड़क बंद हो गई। वहीं मसूरी, देहरादून, अल्मोड़ा के जैंती क्षेत्र, पौड़ी, नई टिहरी और चमोली के गोपेश्वर में ओले गिरने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

 

अप्रैल में सामान्य से 18% ज्यादा बारिश
इस साल अप्रैल महीने में उत्तराखंड में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में औसत से 18 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हुई।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता की बेटी वैशाली रावत ने ITBP में पाई सफलता, 48वीं बटालियन में मिली पहली तैनाती, क्षेत्र में खुशी की लहर

 

कुमाऊं के चंपावत जिले में सबसे अधिक 78.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 212 प्रतिशत अधिक है। वहीं पौड़ी गढ़वाल में सबसे कम बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

2 मई को बजेगा मोबाइल पर अलर्ट
आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) 2 मई 2026 को ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट’ का परीक्षण करेगा। इस दौरान लोगों के मोबाइल फोन पर एक इमरजेंसी ट्रायल अलार्म और संदेश प्राप्त होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल तकनीकी परीक्षण है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

 

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ लंबे समय से फरार चल रहे 04 वारंटियों को हल्द्वानी पुलिस ने किया गिरफ्तार

अगले तीन दिन का मौसम अपडेट
2 मई
देहरादून, अल्मोड़ा, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जना की संभावना है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

3 मई
राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गर्जना हो सकती है।

 

4 मई
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में भी कुछ जगह बारिश और गर्जना के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है।