उत्तराखण्डकुमाऊं,

उत्तराखंड- यहाँ महिला अफसर ने ससुराल में लगाई फांसी, मायके पक्ष ने पति समेत 5 पर दर्ज कराया मुकदमा

देहरादून के थाना बसंत विहार क्षेत्र में एक महिला अफसर द्वारा ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान राजेश्वरी के रूप में हुई है, जो उरेडा (उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर पौड़ी में तैनात थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की बड़ी बहन की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, जेठ और जेठानी समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।

 

शादी के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
परिजनों के अनुसार, राजेश्वरी की शादी 7 दिसंबर 2022 को देहरादून निवासी पीयूष सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। घरेलू मामलों को लेकर उसे लगातार ताने दिए जाते थे और पति समेत परिवार के अन्य सदस्य उसे परेशान करते थे।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 140 वाहनों के चालान, 09 वाहन सीज

 

पति पर मारपीट और तलाक की धमकी का आरोप
मृतका की बहन ने शिकायत में बताया कि पति पीयूष सिंह कई बार राजेश्वरी के साथ मारपीट करता था और बार-बार तलाक देने की धमकी देता था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के कहने पर पति उसे डराता-धमकाता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।

 

गहनों को लेकर भी विवाद
परिवार का आरोप है कि शादी में दिए गए गहने और अन्य कीमती सामान ससुराल पक्ष ने अपने कब्जे में ले लिए थे। जब राजेश्वरी ने अपने गहनों की मांग की तो उसे मना कर दिया गया। आरोप के मुताबिक पति कहता था कि पहले तलाक लो, उसके बाद ही गहने वापस मिलेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ 500 मीटर गहरी खाई में गिरा ट्रक, हादसे में पति-पत्नी लापता

 

बच्ची को लेकर भी बनाया गया दबाव
मृतका की एक बेटी भी है। परिजनों का कहना है कि बच्ची को लेकर भी ससुराल पक्ष दबाव बनाता था और नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था। इसी कारण राजेश्वरी पौड़ी में नौकरी करती थीं और बच्ची मायके में रहती थी। वह समय-समय पर मायके आकर बेटी से मिलती थीं।

 

हाल ही में ससुराल वापस गई थी
बताया जा रहा है कि हाल ही में ससुराल पक्ष राजेश्वरी को वापस अपने साथ ले गया था। मायके वालों ने उसे जाने से रोका था, लेकिन उसने भरोसा दिलाया था कि यदि उसके साथ कुछ गलत हुआ तो वह बच्चों के साथ वापस आ जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- यहाँ मूसलाधार बारिश का कहर, उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में घुसा बारिश का पानी और मलबा, देखे वीडियो

 

ससुराल वालों ने दी मौत की सूचना
परिजनों के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 की सुबह मृतका के पति ने फोन कर बताया कि राजेश्वरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश बताया है।

 

 

मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
मामले में मृतका की बड़ी बहन की तहरीर पर थाना बसंत विहार पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

सीओ स्वप्निल मुयाल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।