उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान सोमवार से शुरू, 79.60 लाख मतदाताओं तक पहुंचेंगे बीएलओ

देहरादून न्यूज़- प्रदेश में मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) सोमवार से शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर राज्य के लगभग 79.60 लाख मतदाताओं को गणना प्रपत्र (फॉर्म) वितरित करेंगे।
सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेशभर में 11,733 बीएलओ तैनात किए गए हैं। ये अधिकारी मतदाताओं तक पहुंचकर फॉर्म वितरित करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें भरने में सहायता भी प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि मतदाता स्वयं अथवा बीएलओ की मदद से फॉर्म भरकर वापस जमा कर सकते हैं। 14 जुलाई को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके गणना प्रपत्र वापस प्राप्त होंगे। इसके बाद दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी तथा सुनवाई पूरी होने के बाद 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
ऑनलाइन भी उपलब्ध है सुविधा
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि जो मतदाता वर्तमान में प्रदेश से बाहर रह रहे हैं, वे निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरकर अपलोड कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह मान्य होगी। उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता से पहली बार संपर्क नहीं हो पाता है तो बीएलओ अधिकतम तीन बार उसके घर जाकर संपर्क करने का प्रयास करेंगे।
बीएलओ से कॉल पर भी ले सकते हैं सहायता
मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ फीचर भी शुरू किया है। इसके तहत मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआई-नेट मोबाइल एप के माध्यम से कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क कर उनके घर पहुंचेंगे और आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।
वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी उपलब्ध
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है। मतदाता पिता या पति के नाम के आधार पर अपना मतदाता क्रमांक, बूथ संख्या और अन्य आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने और समय पर अपने विवरण का सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि आगामी चुनावों के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।








