उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज: बारिश-बर्फबारी से ठंड बढ़ी, 7 जिलों में ऑरेंज और 6 में यलो अलर्ट जारी

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार देर रात करीब 10 बजे से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई है। उत्तरकाशी के गंगोत्री-यमुनोत्री धाम, रुद्रप्रयाग की केदारघाटी और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है।

 

मौसम विभाग ने राज्य में बिगड़ते मौसम को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

 

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झक्कड़ चलने की चेतावनी दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- पिता के सामने नाबालिग बेटी को अपहरण कर ले गए तीन बाइक सवार, तलाश में जुटी पुलिस

 

इन जिलों में यलो अलर्ट
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के भी आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

 

देहरादून में ठंड बढ़ी, रुक-रुक कर बारिश
राजधानी देहरादून में देर रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी - बनभूलपुरा में हुए अग्निकांड में सरकारी संपत्ति, नगर निगम और पुलिस की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा, नगर निगम ने किया इतने करोड़ों के नुकसान का आकलन

 

शहर में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

 

 

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
20 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 3000 मीटर से ऊपर बर्फबारी की संभावना है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी मौसम इसी तरह बना रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

21 मार्च को इन पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में गर्मी से मिलेगी राहत, 5 दिन बारिश का अलर्ट; आज इन जिलों में बदलेगा मौसम

22 मार्च को पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी जिलों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

 

सतर्क रहने की सलाह
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को भूस्खलन, बिजली गिरने और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।