लालकुआं-बिंदुखत्ता में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई! दो क्लिनिक सीज, जन औषधि केंद्र का लाइसेंस होगा निरस्त?

लालकुआं न्यूज़- लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र में संचालित क्लिनिकों और मेडिकल स्टोरों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मंगलवार को प्रशासन, स्वास्थ्य और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों पर अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर दो क्लिनिकों को सीज कर दिया गया, जबकि गौला रोड स्थित जन औषधि केंद्र के लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की गई है। कार्रवाई से क्षेत्र के क्लिनिक और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया।
दो क्लिनिकों में नहीं मिले जरूरी दस्तावेज, तत्काल सील
उप जिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र में क्लिनिकों एवं मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान राजीव नगर बंगाली कॉलोनी स्थित सुमंत मंडल क्लिनिक और 25 एकड़ रोड स्थित मनोज राय क्लिनिक में आवश्यक अभिलेख नहीं पाए गए। इस पर टीम ने दोनों क्लिनिकों को सीज कर दिया।
जन औषधि केंद्र के लाइसेंस पर भी कार्रवाई की तैयारी
छापेमारी के दौरान गौला रोड पर आईटीसी गेट के सामने स्थित जन औषधि केंद्र में भी आवश्यक दस्तावेजों की कमी सामने आई। इसके बाद संबंधित केंद्र के लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की गई है। अब इस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी की खबर से मचा हड़कंप
संयुक्त टीम की कार्रवाई की सूचना फैलते ही क्षेत्र के प्रतिष्ठान संचालकों में हलचल मच गई। इस दौरान कुछ दुकानदारों द्वारा दुकानें बंद कर ताले लगाने की भी चर्चा रही। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संबंध में अलग से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अन्य प्रतिष्ठानों के दस्तावेज मिले सही
प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र के अन्य क्लिनिकों और मेडिकल स्टोरों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों के आवश्यक दस्तावेज सही पाए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं और दवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रह सकता है।
संयुक्त टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
छापेमारी अभियान में उप जिलाधिकारी रेखा कोहली, ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता सिंह, लालकुआं के चिकित्साधिकारी डॉ. लव पांडे, ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी और अर्चना, रजिस्ट्रार कानूनगो पंकज कुड़ाई, उप राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र चंद, जॉनी सिंह और आरिफ हुसैन सहित राजस्व, स्वास्थ्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और दवा कारोबार से जुड़े नियमों के अनुपालन की जांच के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य प्रतिष्ठानों पर भी निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।










