प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले दो दिनों में बारिश और बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में आज दिनभर मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) देहरादून के अनुसार राज्य के सभी जिलों में आज बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। हालांकि सुबह के समय हरिद्वार, हल्द्वानी, अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में कोहरा देखने को मिला, जिससे कुछ समय के लिए दृश्यता प्रभावित रही।
वहीं, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में सुबह हल्की धूप निकलने लगी है, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी रविवार को भी प्रदेशभर में मौसम साफ बना रहेगा।
चारों धामों में कड़ाके की ठंड
राज्य के चारों धामों—गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। इनमें उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री सबसे ज्यादा ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 23 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। लगातार माइनस तापमान के चलते गंगोत्री पूरी तरह बर्फ से ढकी हुई है और कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
देहरादून में दिन में 26 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
IMD देहरादून के अनुसार आज राजधानी देहरादून में आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय शहर के कुछ इलाकों में हल्का कुहासा या शैलो फॉग देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा।
आज देहरादून का अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शाम होते ही तापमान में गिरावट आने से ठंड फिर से बढ़ेगी।
बीते दिन कैसा रहा मौसम
शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों में दिनभर मौसम साफ रहा। हालांकि सुबह के समय हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। हल्द्वानी और खटीमा में कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड बनी रही। पहाड़ी इलाकों में ठंडी हवाओं और पाले के कारण ठिठुरन ज्यादा महसूस की गई।
9 से 11 फरवरी तक बदलेगा मौसम
IMD के अनुसार 9, 10 और 11 फरवरी को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन तीन दिनों के दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है।
अगले तीन दिन का पूर्वानुमान
- 8 फरवरी (रविवार): सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा, दिन में अच्छी धूप निकलने की संभावना।
- 9 फरवरी (सोमवार): ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार, मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ।
- 10 फरवरी (मंगलवार): पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी जारी रह सकती है, मैदानी जिलों में धूप खिली रहेगी।








