उत्तराखंड में तीन सप्ताह पहले पहुंची सर्दी — ऊंचे इलाकों में हिमपात, मैदानों में गिरा तापमान
मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, केदारनाथ के शिखर पर बर्फ की चादर; दिवाली तक रहेगा शुष्क मौसम

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में इस बार सर्दी ने सामान्य समय से करीब तीन सप्ताह पहले दस्तक दे दी है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अक्टूबर के पहले सप्ताह में ही हिमपात हो गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।
गुरुवार को मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं शुक्रवार को पंतनगर में इस मौसम में पहली बार पारा 17 डिग्री तक पहुंच गया। ठंड बढ़ने से पर्वतीय इलाकों में लोगों ने गरम कपड़े निकाल लिए हैं।
आमतौर पर पश्चिमी हिमालय में अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में पहला हिमपात होता है, लेकिन इस बार पिथौरागढ़ के आदि कैलास, ओम पर्वत, कुटी गांव समेत चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले हिस्सों में अक्टूबर के पहले सप्ताह में ही बर्फबारी दर्ज की गई है।
प्रकृति ने भगवान केदारनाथ धाम का भी बर्फ से शृंगार कर दिया है। शीतकाल के लिए केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर को बंद होने वाले हैं।
दो मौसमी प्रणालियां बनीं ठंड का कारण
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डा. चंद्र सिंह तोमर के अनुसार, सामान्य समय से पहले हुई वर्षा और हिमपात के पीछे दो प्रमुख मौसमी कारण रहे —
1️⃣ उत्तर पाकिस्तान व आसपास के क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ,
2️⃣ हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण।
इन दोनों प्रणालियों के साथ अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आई नम हवाओं ने पश्चिमी हिमालय में बादल और वर्षा की गतिविधियों को और तेज किया, जिससे उत्तरी मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक के साथ वर्षा देखी गई।
अक्टूबर अंत में फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिवाली तक मौसम शुष्क रहेगा। दिन में अच्छी धूप रहेगी, लेकिन शाम को गुलाबी ठंड का असर बढ़ेगा।
अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से पश्चिमी विक्षोभ दोबारा सक्रिय हो सकते हैं, जिससे दिवाली व भैयादूज के बाद प्रदेश में वर्षा व हिमपात की संभावना फिर से बढ़ जाएगी। यह सिलसिला मध्य मार्च तक जारी रह सकता है।
मुक्तेश्वर में पिछले वर्ष से ठंडा अक्टूबर
इस साल अक्टूबर की शुरुआत में ही मुक्तेश्वर का तापमान पिछले वर्ष की तुलना में कम दर्ज किया गया है।
पंतनगर: अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम, 29.8°C
मुक्तेश्वर: अधिकतम 17.1°C, न्यूनतम 8.0°C (पिछले वर्ष 20 अक्टूबर को 8.5°C था)
देहरादून: अधिकतम पारा सामान्य से 4 डिग्री कम, 25.5°C
बागेश्वर: 11°C,
पिथौरागढ़ व चंपावत: 12°C तक तापमान पहुंच गया है।
डा. तोमर ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल पूर्व की ओर खिसक गया है, इसलिए दिवाली तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में दिन में गुनगुनी धूप और शाम को हल्की सर्द हवा का आनंद लिया जा सकेगा।
