रुद्रपुर में किन्नर का भेष धारण कर युवकों ने मचाया उत्पात, महिलाओं से अभद्रता और तोड़फोड़ का आरोप
शराब के नशे में सड़क पर अश्लील हरकतें करने का आरोप, चार युवक हिरासत में; किन्नर समाज बोला- ये असली किन्नर नहीं, बहरूपिये हैं

ऊधमसिंह नगर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सोमवार देर शाम किन्नर का भेष धारण किए कुछ युवकों द्वारा शराब के नशे में जमकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें कीं, महिलाओं और राहगीरों के साथ अभद्रता की तथा दुकानों और ठेलों में तोड़फोड़ कर इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी शराब के नशे में सड़क पर अशोभनीय हरकतें कर रहे थे और आने-जाने वाले लोगों को परेशान कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ठेलों पर रखा सामान सड़क पर फेंक दिया और कुछ दुकानों में भी तोड़फोड़ की। स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। करीब एक घंटे तक क्षेत्र में हंगामे की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद उन्हें फिलहाल छोड़ दिया गया है, लेकिन आगे की जांच के लिए दोबारा बुलाया गया है। मामले से जुड़ी एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक असली किन्नर के दिखाई देने की बात कही जा रही है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर किन्नर समाज की गुरु सुनीता भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पकड़े गए लोग किन्नर समाज से नहीं हैं, बल्कि पुरुष हैं जिन्होंने किन्नरों का भेष धारण किया हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बहरूपिये समाज की छवि धूमिल कर रहे हैं। गुरु सुनीता ने यह भी कहा कि आरोपियों ने महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता की और उनके कपड़े फाड़ने का भी प्रयास किया।
किन्नर समाज ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी इस प्रकार की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।








