उत्तरकाशी में बड़ा सड़क हादसा: नदी में समाई यात्रियों से भरी इनोवा, चार की मौत

गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के पास हुआ हादसा, गुजरात के साबरमती के रहने वाले थे सभी यात्री; लापता लोगों की तलाश में जुटी SDRF और NDRF की टीमें
उत्तरकाशी न्यूज़- उत्तराखंड के पहाड़ी मार्गों पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार सुबह उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगनानी के पास यात्रियों से भरी एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि अन्य यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
पलक झपकते ही नदी में समा गई इनोवा
जानकारी के अनुसार, हादसा गंगनानी के पास धाराकुंड से आगे डबरानी की ओर हुआ। इनोवा कार में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि कार धाराकुंड से करीब 20 मीटर आगे पहुंची ही थी कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सीधे नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी यात्री गुजरात के साबरमती के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
SDRF-NDRF और गोताखोरों का रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। SDRF, जल पुलिस, गोताखोरों और 108 एंबुलेंस की टीमों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। नदी में लापता यात्रियों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए मनेरा से NDRF की 27 सदस्यीय टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने को कहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें लापता यात्रियों की तलाश के साथ उनकी पहचान और परिजनों तक सूचना पहुंचाने में जुटी हैं।










