उत्तराखण्डकुमाऊं,

उत्तराखंड चुनाव 2027: नैनीताल में प्रशासन अलर्ट, 164 अधिकारियों को सौंपी चुनावी जिम्मेदारी

38 चुनावी कार्यों की सौंपी गई जिम्मेदारी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश; लापरवाही पर होगी कार्रवाई

नैनीताल न्यूज़- उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। नैनीताल जिले में चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने चुनाव से संबंधित 38 अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपते हुए 56 नोडल अधिकारी और 108 सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं।

 

 

जारी आदेश के तहत मतदान कार्मिकों की तैनाती और प्रशिक्षण से लेकर ईवीएम-वीवीपैट प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन, निर्वाचन खर्च की निगरानी और मतदाता जागरूकता तक की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- प्रदेश में 50% बढ़ गए लड़कियों को बहलाकर ले जाने के मामले, पांच महीनों में दर्ज हुए इतने मुकदमे, पढ़े पूरी खबर।

 

 

मतदान कार्मिकों के प्रबंधन की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है, जबकि प्रशिक्षण व्यवस्था की जिम्मेदारी परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास को दी गई है। वहीं, आदर्श आचार संहिता के पालन की निगरानी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व करेंगे।

 

 

परिवहन व्यवस्था के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन और जिला पूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ईवीएम प्रबंधन एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई, भीमताल को सौंपी गई है। वहीं, निर्वाचन खर्च की निगरानी मुख्य कोषाधिकारी करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- ओखलकांडा में एक बार फिर हादसा, बारातियों से भरा वाहन खाई में गिरा, दो की मौत, 5 घायल

 

 

मतपत्र और डाक मतपत्र से संबंधित कार्यों के लिए नगर आयुक्त को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। ईटीपीबीएस की प्राप्ति, वितरण और प्रेषण की जिम्मेदारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी तथा सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विशाल प्रसाद को दी गई है।

 

 

इसके अलावा लेखन सामग्री और प्रपत्रों की छपाई, मीडिया सेल, एमसीएमसी, पेड न्यूज की निगरानी, कंप्यूटराइजेशन, मोबाइल एप और अन्य आईटी व्यवस्थाओं के संचालन के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों की तैनाती की गई है।

 

 

मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी और निदेशक उच्च शिक्षा को दी गई है। इस अभियान में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- एमबीपीजी कॉलेज में ABVP अध्यक्ष प्रत्याशी ने दर्ज की जीत

 

 

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने और कार्यों की प्रगति से समय-समय पर जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराने को कहा है।

 

 

डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदारियों के निर्वहन में शिथिलता पाए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।