उत्तराखंड में अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम? 3 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, 78 सड़कें बंद

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला हुआ रहने वाला है। प्रदेश के सभी जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही बारिश के तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
9 जिलों में 78 सड़कें बंद
बारिश के चलते प्रदेश में सड़कें बंद होने का सिलसिला भी जारी है। फिलहाल 9 जिलों में 78 सड़कें बंद बताई जा रही हैं। मंगलवार को भी प्रदेश के 12 जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले करीब एक सप्ताह तक राज्य में अधिकांश समय मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है।
27 अगस्त को पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के आसार
27 अगस्त को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में तेज से बहुत तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
28 अगस्त को भी आकाशीय बिजली का खतरा
28 अगस्त को पहाड़ी जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। वहीं कई स्थानों पर तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
29 अगस्त को यलो अलर्ट
29 अगस्त को भी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।







