उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, 7 अगस्त तक मौसम रहेगा खराब; कई जिलों में यलो अलर्ट

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में बीते दिन से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वहीं देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश के दौर आने की आशंका है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
नारायणबगड़ में मूसलाधार बारिश से मची तबाही
इससे पहले सोमवार देर शाम चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र में अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। शाम करीब साढ़े सात बजे शुरू हुई बारिश महज एक घंटे में ही इतनी तेज हो गई कि बाजार से सटे बरसाती नाले उफान पर आ गए।
नालों का पानी और मलबा सड़क पर आने से जीत सिंह मार्केट और अस्पताल परिसर के पास सिमली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गंगोत्री हाईवे पर सड़क धंसी
उत्तरकाशी जिले में भी बारिश का असर देखने को मिला। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़ गाड़ के पास करीब 100 मीटर सड़क धंसने से यातायात बाधित हो गया था। हालांकि, प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी भरान का काम किया और कुछ ही घंटों में मार्ग को सुचारू कर दिया गया।
5 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 5 अगस्त को देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश के दौर आने की आशंका है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
6 अगस्त को चार जिलों में यलो अलर्ट
6 अगस्त को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी।
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है।
7 अगस्त तक भी बारिश से राहत के आसार कम
7 अगस्त को देहरादून, टिहरी और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तीव्र से अति तीव्र बारिश के दौर आने की संभावना है।
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है।
मौसम विभाग ने किया सतर्क
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और बारिश के दौरान नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।








