उत्तराखंड- यहाँ शराब पीने से रोकने पर भतीजे ने चाचा-चाची को रॉड से पीटकर मार डाला, बचाने पहुंची बहू पर भी किया जानलेवा हमला

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गरुड़ तहसील के नर्गवाड़ी (नरगोड़ी) गांव में शराब पीने से रोकने पर एक युवक ने अपने ही चाचा और चाची की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। उसने बहू पर रॉड से 3-4 वार किए। बहू ने अपनी बच्ची के साथ कमरे में बंद होकर किसी तरह जान बचाई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58) और चाची भगवती देवी (54) पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार की बहू दर्शनी देवी उन्हें बचाने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया।
पहले चाची और फिर चाचा पर किया हमला
बताया जा रहा है कि आरोपी ने सबसे पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद वह नीचे वाले कमरे में पहुंचा और अपने चाचा पूरन चंद्र को भी बेरहमी से पीट दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में गिर पड़े।
बहू को भी नहीं बख्शा, बच्ची के साथ कमरे में छिपकर बचाई जान
हमले की आवाज सुनकर पूरन चंद्र की बहू दर्शनी देवी उन्हें बचाने के लिए पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से 3-4 वार कर दिए। जान बचाने के लिए बहू अपनी बच्ची को लेकर कमरे में चली गई और अंदर से कुंडी लगा ली। इसके बाद वह किसी तरह दूसरी तरफ से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंची और अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने दंपती को मृत घोषित किया
देर रात घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लेकर पहुंची। यहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और उनकी पत्नी भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दर्शनी देवी का उपचार जारी है।
पहले भी आरोपी के खिलाफ हुई थी शिकायत, पुलिस की चार टीमें तलाश में जुटीं
बताया जा रहा है कि आरोपी शराब पीने के बाद अक्सर गाली-गलौज करता था, जिससे परिवार के लोग परेशान रहते थे। करीब 5-6 महीने पहले भी उसके खिलाफ थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। घटना से एक दिन पहले भी आरोपी के व्यवहार को लेकर शिकायत की गई थी।
बैजनाथ कोतवाल कैलाश नेगी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।










