बिंदुखत्ता आंदोलन का 29वां दिन: 20 दिसंबर को हल्द्वानी में गूंजेगी हजारों ग्रामीणों की आवाज, महारैली में होगा बड़े आंदोलन का ऐलान!

राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी नहीं हुई तो महारैली के मंच से घोषित होगी आंदोलन की अगली रणनीति: श्याम सिंह रावत
बिंदुखत्ता न्यूज- बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। धरना-प्रदर्शन के 29वें दिन गांधी नगर द्वितीय ग्राम सभा के सैकड़ों ग्रामीणों ने आंदोलन में भागीदारी कर अपनी एकजुटता दिखाई। इस दौरान ग्रामीणों ने वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की अधिसूचना जल्द जारी करने की मांग उठाई।
29वें दिन के धरना कार्यक्रम के संयोजक दौलत सिंह कोरंगा और सह-संयोजक अजित सिंह बिष्ट रहे। धरने में वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता के राजस्व ग्राम बनने का मुद्दा लंबे समय से लंबित है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों पर इस मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मांग की कि सभी दल जनता के सामने राजस्व ग्राम बनाने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करें।
20 दिसंबर को हल्द्वानी में होगी विशाल महारैली
वनाधिकार संगठन के संरक्षक श्याम सिंह रावत ने आंदोलन के अगले चरण की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 20 दिसंबर, रविवार को हल्द्वानी में विशाल महारैली आयोजित की जाएगी। महारैली में पूरे नैनीताल जिले के वन क्षेत्रों में अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही वनाधिकार समितियों और ग्रामीणों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता से भी हजारों की संख्या में ग्रामीण महारैली में शामिल होंगे।
अधिसूचना जारी नहीं हुई तो होगा बड़े आंदोलन का ऐलान
श्याम सिंह रावत ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 20 दिसंबर को प्रस्तावित महारैली से पहले बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की अधिसूचना जारी नहीं की गई, तो महारैली के मंच से आंदोलन की अगली रणनीति और आगामी कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने अधिकारों की मांग को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं।
ये लोग रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में गांधी नगर के संयोजक दौलत सिंह कोरंगा, सह-संयोजक अजित सिंह बिष्ट, वन अधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष सूबेदार मेजर खिलाफ सिंह दानू, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, अर्जुन नाथ गोस्वामी, संगठन के सचिव एडवोकेट बलवंत बिष्ट, उपसचिव नंदन बोरा, भरत नेगी, दीपक जोशी, रमेश गोस्वामी, मंगल सिंह कोश्यारी, दीपक नेगी, गोविंद गिरी, दीप कर्नाटक, कमला बिष्ट, राजमती, मुन्नी देवी, गंगा पांडा, ममता बिष्ट, द्रौपदी देवी, दीपा देवी, लक्ष्मी कोरंगा, गंगा देवी, भागीरथी देवी, चंद्रा देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।










