20 सितंबर को बिंदुखत्ता में होगी विशाल जनसभा और रैली, 15 अगस्त से 32 गांवों में घर-घर पहुंचेगी जनजागरूकता पदयात्रा

लालकुआँ न्यूज़– बिंदुखत्ता को वनाधिकार अधिनियम-2006 के प्रावधानों के अनुरूप राजस्व ग्राम बनाने की मांग को लेकर 20 सितंबर को विशाल जनसभा और रैली आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रविवार को वनाधिकार संगठन की पहल पर विभिन्न सामाजिक, पूर्व सैनिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक संगठनों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में जनसभा और रैली की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को कार रोड स्थित शहीद स्मारक स्थल से घर-घर जनजागरूकता पदयात्रा शुरू की जाएगी। पदयात्रा बिंदुखत्ता के सभी 32 गांवों से होकर गुजरेगी। इस दौरान ग्रामीणों को वनाधिकार अधिनियम-2006 के प्रावधानों, राजस्व ग्राम बनाए जाने की प्रक्रिया और उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।
साथ ही 20 सितंबर को प्रस्तावित विशाल जनसभा और रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के लिए ग्रामीणों से संपर्क किया जाएगा।
बॉक्स
हर गांव में रात्रि पड़ाव और होंगे कार्यक्रम
पदयात्रा के दौरान सभी 32 गांवों में रात्रि पड़ाव किया जाएगा। गांव के सार्वजनिक स्थल अथवा मंदिर में शाम आठ बजे से भजन-कीर्तन, नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को वनाधिकार कानून और राजस्व ग्राम के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग केवल प्रशासनिक दर्जे से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के हजारों परिवारों के लोकतांत्रिक, संवैधानिक और स्थानीय स्वशासन के अधिकारों से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि मांग को लेकर अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में वनाधिकार संगठन अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष खिलाफ सिंह धुन, कैप्टन चंचल सिंह कोरंगा, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट, वनाधिकार संगठन उपाध्यक्ष भरत नेगी, रणजीत सिंह गढ़िया, सूबेदार मेजर हीरा सिंह बिष्ट, सचिव बलवंत बिष्ट, दीपक नेगी, दौलत सिंह कोरंगा, बसंत बल्लभ पांडे, वन अधिकार समिति अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, डॉ. चंद्र सिंह दानू, कैलाश जोशी, मनोज कोरंगा, नवीन जोशी, दीपक सिंह रौतेला, भूपेश जोशी, राज्य आंदोलनकारी ललित कांडपाल, प्रकाश जोशी, उत्तराखंडी पूरन सिंह परिहार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप बथयाल, वरिष्ठ कांग्रेसी कुंदन सिंह मेहता, मीना कपिल, हास्य कलाकार जीवन दानू और लोक कलाकार सोहनलाल समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में सामाजिक एवं जनसंगठनों से 15 अगस्त से शुरू होने वाली घर-घर जनजागरूकता पदयात्रा और 20 सितंबर की विशाल जनसभा एवं रैली में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई।








