दीपावली पर उत्तराखंड में बदलेगा मौसम! पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में दीपावली के आसपास मौसम का मिजाज बदल सकता है। लंबे समय से शुष्क चल रहे मौसम के बीच रविवार को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मौसम में इस बदलाव से पहाड़ों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। इसके अलावा 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है। हालांकि, देहरादून समेत प्रदेश के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क, दिन में धूप और सुबह-शाम ठंड
प्रदेश में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में चटख धूप खिलने के कारण हल्की गर्माहट महसूस हो रही है। ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।
पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने लगा है, जबकि मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा भी देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे का असर रह सकता है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बढ़ेगी ठंड, मैदानों में मौसम रहेगा साफ
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में रविवार को मौसम में बदलाव के चलते पर्वतीय इलाकों में हल्की वर्षा और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं। वहीं, मैदानी जनपदों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। यहां मौसम शुष्क बना रह सकता है।










