कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरफ्तार, बरेली से पुलिस ने दबोचा; जानिए क्या है पूरा मामला

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी की ओर से दर्ज कराए गए जातिसूचक टिप्पणी, मारपीट और उत्पीड़न समेत गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
तीन नोटिस के बावजूद जांच में नहीं हुए शामिल
रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून की कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार, जांच में शामिल होने के लिए गिरधारी लाल को तीन बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन वह पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से गैर जमानती वारंट हासिल किया। वहीं, उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज करते हुए बरेली से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मंत्री ने लगाए थे गंभीर आरोप
रेखा आर्या ने अपनी शिकायत में पति पर मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि गिरधारी लाल ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे विवाह किया। इसके अलावा कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से उन्हें कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का आरोप भी लगाया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।










