उत्तराखंड पुलिस को मिला राष्ट्रपति पुलिस निशान, अमित शाह ने किया सम्मानित; देश का 16वां राज्य बना उत्तराखंड

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड पुलिस के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देहरादून की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित भव्य समारोह में उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से सम्मानित किया। इस उपलब्धि के साथ उत्तराखंड यह गौरव हासिल करने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है। राज्य गठन के बाद पिछले 25 वर्षों में पुलिस बल की सेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पुलिस परेड के निरीक्षण से हुई। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान प्रदान किया। इस दौरान पुलिस बल के जवानों ने शानदार परेड और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक नारायण सिंह नपलच्याल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, पुलिस अधीक्षक जगदीश चन्द्र, सहायक सेनानायक प्रतिमा भट्ट और सेवानिवृत्त उप निरीक्षक सौहकार पुण्डीर शामिल रहे। समारोह में उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
अमित शाह बोले- कठिन परिस्थितियों में पुलिस ने निभाई बड़ी जिम्मेदारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। चारधाम यात्रा और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के बीच उत्तराखंड पुलिस के जवानों ने पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय उत्तराखंड पुलिस में करीब 13 हजार जवान थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 26 हजार से अधिक हो गई है। अमित शाह ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखंड पुलिस के 206 जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
नए आपराधिक कानूनों से पुलिस व्यवस्था होगी और मजबूत
अमित शाह ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, फॉरेंसिक जांच और डिजिटल व्यवस्था से पुलिस की कार्यक्षमता में और सुधार होगा। उन्होंने बताया कि मई 2027 के बाद दर्ज होने वाली एफआईआर के मामलों में तीन साल के भीतर दोषियों को सजा दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पुलिस, अदालतों, अभियोजन और अन्य संबंधित विभागों को डिजिटल माध्यम से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने नशे और साइबर अपराधों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। साथ ही विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों में प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों द्वारा 37 पदक जीतने पर भी बधाई दी।
सीएम धामी बोले- पुलिस का साहस और जनसेवा बना राष्ट्रीय पहचान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति पुलिस निशान को उत्तराखंड पुलिस के साहस, अनुशासन और जनसेवा का राष्ट्रीय सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय उत्तराखंड पुलिस के पास 96 थाने और 42 चौकियां थीं, जबकि आज 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मी प्रदेश की सुरक्षा में तैनात हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पिछले चार वर्षों में सात हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 307 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। उन्होंने ऑपरेशन स्माइल और ऑपरेशन मुक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि इन अभियानों के माध्यम से गुमशुदा बच्चों को उनके परिवारों तक पहुंचाने और भिक्षावृत्ति में शामिल बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़कर 14 प्रतिशत
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़कर करीब 14 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने देश की पहली महिला पुलिस महानिदेशक स्वर्गीय कंचन चौधरी भट्टाचार्य के उत्तराखंड पुलिस का नेतृत्व करने को भी प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। वहीं नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, तीरथ सिंह रावत और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।










