नैनीताल: मवेशी चराने गई महिला 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, दर्दनाक मौत; SDRF ने चलाया कठिन रेस्क्यू अभियान

नैनीताल जिले के अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे से सटे औलिया गांव में मवेशी चराने जंगल गई एक महिला की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, प्रशासन और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 150 मीटर गहरी खाई से महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, औलिया गांव निवासी 48 वर्षीय बचुली देवी गुरुवार सुबह रोजाना की तरह मवेशियों को चराने के लिए गांव से सटे जंगल गई थीं। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। दोपहर में उनके पति गोधन सिंह घर पहुंचे तो पत्नी के नहीं मिलने पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ जंगल में तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का कोई पता नहीं चलने पर प्रशासन और एसडीआरएफ को सूचना दी गई।
तलाश के दौरान खाई में मिला शव
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की छड़ा इकाई मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। तलाश के दौरान बचुली देवी करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई दिखाई दीं। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
दुर्गम रास्तों और चट्टानों के बीच चला रेस्क्यू
एसडीआरएफ के जवानों ने बेहद कठिन और जोखिम भरे रास्ते से नीचे उतरकर महिला तक पहुंचने का प्रयास किया। तीखी चट्टानों और दुर्गम भूभाग के बीच ग्रामीणों की मदद से अभियान चलाया गया। हालांकि टीम जब तक महिला के पास पहुंची, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक लाया गया।
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे औलिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के एएसआई महिपाल सिंह, प्रदीप पंवार, गणेश मेहरा, कमल जोशी, अमित टम्टा, नवीन पांडेय, गजेंद्र सिंह सहित अन्य जवान और ग्रामीण शामिल रहे।








