लालकुआं नगर पंचायत कार्यालय में हंगामे के बाद सियासत गरम, अध्यक्ष लोटनी बोले— “छवि धूमिल करने की साजिश”
प्रेस वार्ता कर अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा का लगाया आरोप, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

लालकुआं न्यूज़– नगर पंचायत लालकुआं में सोमवार को हुए विवाद के बाद अब मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गरमा गया है। मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और कुछ लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार करने तथा उनकी छवि खराब करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने बताया कि 4 मई 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे आजाद नगर वार्ड नंबर-4 निवासी तौफीक उमर, सरफराज और मोहम्मद उवैस नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने कार्यालय में कार्य के समय अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने संबंधित लोगों को कार्यालय की गरिमा बनाए रखने और अभद्रता न करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। मामले की शिकायत तत्काल कोतवाली लालकुआं प्रभारी निरीक्षक को दी गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद आरोपितों द्वारा माफी मांगने पर शाम करीब 4 बजे मामले को समाप्त कर दिया गया था।
हालांकि अध्यक्ष लोटनी ने आरोप लगाया कि इसके बाद देर शाम मुख्य बाजार क्षेत्र में पुनः मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं सामने आईं। साथ ही उन्हें जानकारी मिली कि नगर पंचायत के सम्मानित सदस्यों के नाम पर उनके खिलाफ शांति भंग का “झूठा मुकदमा” दर्ज कराया गया है, ताकि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
प्रेस वार्ता में अध्यक्ष ने इस पूरे प्रकरण की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में इस प्रकार की अभद्रता और संवैधानिक पदों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त संवैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को कठोर कदम उठाने चाहिए।
प्रेस वार्ता में सभासद धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, भुवन पांडे सहित पूर्व सभासद हेमंत पांडे और कुंदन आर्या समेत कई लोग मौजूद रहे।









