अनुराग डोभाल का खतरनाक इंस्टाग्राम लाइव, 150 की स्पीड में कार डिवाइडर से टकराई; हालत नाजुक

देहरादून के फेमस यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल ने शनिवार रात इंस्टाग्राम लाइव के दौरान आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

फिलहाल उनका इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब 7 बजे अनुराग डोभाल इंस्टाग्राम पर लाइव आए थे। लाइव के दौरान वह भावुक नजर आए और उन्होंने कहा, “लेट्स गो फॉर द फाइनल ड्राइव।” इस दौरान उन्होंने खुद को कई थप्पड़ भी मारे और अपनी मां को याद करते हुए कहा, “मम्मी, अगली बार आऊं तो बस प्यार देना… बहुत जरूरत थी प्यार की।”

लाइव वीडियो में देखा गया कि अनुराग कार में अंग्रेजी गाना लगाकर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने लगे। कुछ ही देर में कार की स्पीड करीब 144 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। इसी दौरान उन्होंने अचानक स्टीयरिंग घुमाया और कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद इंस्टाग्राम लाइव बंद हो गया।

हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में मेरठ के शुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टरों के मुताबिक उनके गर्दन, हिप बोन, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टर उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू करने वाले थे, लेकिन रात करीब 10 बजे उनके कुछ दोस्त अस्पताल पहुंचे और उन्हें वहां से अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि इसके बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। उनके दोस्तों ने उन्हें परिजनों से भी दूर रखा हुआ है।
वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक हादसा शनिवार रात करीब 7 बजे मेरठ हाईवे पर हुआ। पुलिस का कहना है कि कार ओवरस्पीड में थी और डिवाइडर से टकराने के बाद हादसा हुआ। हालांकि इस मामले में किसी की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, इसलिए अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
घटना के बाद एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद अनुराग की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। वीडियो में अनुराग डोभाल सड़क पर लेटे हुए दर्द से रोते नजर आते हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग उन्हें कार से बाहर निकालकर संभालने की कोशिश कर रहे हैं।









